झांसी में नकाबपोश बाइक सवारों ने मुंशी की गोली मारकर की हत्या : छोटे भाई को फोन कर बताया आरोपी का नाम

पुलिस की लापरवाही सामने आई है। करीब 20 दिन पहले फजल पर गोली चलाई गई थी। लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया।

झांसी में नकाबपोश बाइक सवारों ने मुंशी की गोली मारकर की हत्या : छोटे भाई को फोन कर बताया आरोपी का नाम
झांसी में नकाबपोश बाइक सवारों ने मुंशी की गोली मारकर की हत्या

झांसी में दिनदहाड़े वकील के मुंशी फजल अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुंशी शनिवार सुबह बाइक से कोर्ट जा रहा था। तभी डॉ. राजेंद्र प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज के पास पीछा करते हुए बाइक से दो बदमाश आए। मोड़ पर चलती बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने तमंचा से फजल पर दो फायर किए। एक गोली उसके पेट में आरपार हो गई।

बदमाश बिना नंबर की बाइक पर सवार थे। एक बदमाश ने हेलमेट और दूसरे ने मुंह पर गमछा बांध रखा था। गोली लगने से घायल फजल अहमद छोटे भाई नजर को फोन किया। वह मौके पर पहुंचा तो बताया कि कल्ला उर्फ कालीचरण ने गोली मारी है। भाई उसे मेडिकल कॉलेज में ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। करीब 20 दिन पहले फजल पर गोली चलाई गई थी। लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया।

6 साल तक साथ रहे युवक और महिला : दतिया गेट बाहर के एवन कॉलोनी निवासी फजल अहमद (38) पुत्र जमील अहमद कचहरी में एक वकील के पास मुंशी था। उसकी बीएचईएल आरामशीन निवासी एक महिला से ताल्लुकात थे। दोनों करीब 6 साल तक साथ रहे।

महिला ने फजल के खिलाफ जबरन रेप और धर्म परिवर्तन कराने का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने फजल को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। 7 माह जेल में रहने के बाद फजल की नवंबर 2021 में हाईकोर्ट से जमानत हुई थी

प्लाट को लेकर था विवाद : छोटे भाई नजर ने बताया कि महिला के पहले पति के दो बच्चे हैं। इसके बाद वह फजल के साथ रही। अब वह बबीना के कालीचरण के साथ रह रही थी। फजल और महिला के नाम दो प्लाट और एक मकान है। इसी प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है।