CUET UG 2022: सीयूईटी यूजी में साढ़े 11 लाख ने कराया रजिस्ट्रेशन, यूजीसी अध्यक्ष बोले- साल में दो बार हो सकती है परीक्षा
प्रोफेसर कुमार ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि CUET अब छात्रों को प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में दाखिले पाने के उचित अवसर प्रदान करेगा, क्योंकि उन पर बोर्ड परीक्षाओं में हाई पर्सेंटेज हासिल करने का दबाव एवं बोझ नहीं होगा। अच्छी यूनिवर्सिटी में दाखिले के लिए बोर्ड परीक्षाओं में 99 से 100 फीसदी अंकों की कट ऑफ सीमा सूची में आने के लिए छात्रों को बहुत ज्यादा मेहनत करनी और तनाव के दौर से गुजरना पड़ता था। बहुत अधिक अंक प्राप्त करने के बोझ के बिना, छात्र अब CUET के माध्यम से सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए प्रयास कर सकते हैं।....
Common University Entrance Test: यूजीसी चेयरमैन प्रोफेसर एम जगदीश कुमार ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि सीयूईटी को जबरदस्त समर्थन मिला है। इस साल पहली सीयूईटी यूजी प्रवेश परीक्षा के लिए ही साढ़े 11 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। अभी कई और विश्वविद्यालय इससे जुड़ने वाले हैं। इसलिए, आने वाले वर्षों में कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) को वर्ष में दो बार आयोजित किया जा सकता है।

यूजीसी चेयरमैन प्रोफेसर एम जगदीश कुमार
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) यूजी 2022 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया रविवार, 22 मई को समाप्त कर दी गई है। इसके एक दिन बाद, यूजीसी के अध्यक्ष एम जगदीश कुमार ने ट्वीट कर जानकारी दी कि सीयूईटी-यूजी के लिए कुल 11,51,319 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है और 9,13,540 उम्मीदवारों ने आवेदन शुल्क का भुगतान किया है। यह एक रिकॉर्ड है। उन्होंने बताया कि लगभग हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के छात्रों ने सीयूईटी-यूजी के लिए आवेदन किया है। इनमें से कई दूरदराज और ग्रामीण इलाकों से हैं।
सिलसिलेवार ट्वीट में उन्होंने कहा कि CUET अब छात्रों को प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में दाखिले पाने के उचित अवसर प्रदान करेगा, क्योंकि उन पर बोर्ड परीक्षाओं में हाई पर्सेंटेज हासिल करने का दबाव एवं बोझ नहीं होगा। अच्छी यूनिवर्सिटी में दाखिले के लिए बोर्ड परीक्षाओं में 99 से 100 फीसदी अंकों की कट ऑफ सीमा सूची में आने के लिए छात्रों को बहुत ज्यादा मेहनत करनी और तनाव के दौर से गुजरना पड़ता था। बहुत अधिक अंक प्राप्त करने के बोझ के बिना, छात्र अब CUET के माध्यम से सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए प्रयास कर सकते हैं।
प्रोफेसर कुमार ने यह भी बताया कि कैसे केंद्रीय विश्वविद्यालयों की भागीदारी सीयूईटी यूजी के फोकस में मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि सीयूईटी में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालयों की भागीदारी भी बहुत उत्साहजनक है। आने वाले वर्षों में, कई और विश्वविद्यालयों द्वारा CUET दाखिला प्रक्रिया को अपनाने की उम्मीद है। इसे लेकर उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगले शैक्षणिक सत्र से वर्ष में दो बार सीयूईटी आयोजित किए जाने की संभावना है।
बीते हफ्ते ही यूजीसी के चेयरमैन प्रोफेसर एम जगदीश कुमार के एलान के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में दाखिलों के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET PG 2022) के लिए ऑनलाइन आवेदन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी थी। सीयूईटी पीजी आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 18 जून 2022 है।


