टीचर को अगवा कर मांगी 20 लाख की फिरौती : ग्वालियर में वॉटसएप पर मिली धमकी- रात 10 बजे तक रुपए नहीं पहुंचे तो इसे मार देंगे

परिजन ने जब एसएसपी अमित सांघी से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया तो उन्होंने तत्काल क्राइम ब्रांच की टीम को जांच में लगाया है। मंदिर के बाहर से शिक्षक सीसीटीवी फुटेज में निकलते दिख रहे हैं। वह DEO ऑफिस तक भी गए हैं। इसके बाद पता नहीं चल रहा है। पुलिस दोपहर तक की लोकेशन के आधार पर सर्चिंग कर रही है।

टीचर को अगवा कर मांगी 20 लाख की फिरौती  : ग्वालियर में वॉटसएप पर मिली धमकी- रात 10 बजे तक रुपए नहीं पहुंचे तो इसे मार देंगे
ग्वालियर में टीचर को अगवा कर मांगी 20 लाख की फिरौती

ग्वालियर के मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में दर्शन करने के बाद एक टीचर लापता हो गया। शाम को उसके ही वॉटसएप नंबर से बड़े बेटे को धमकी भरी चिट्‌ठी आई है। उसमें लिखा है कि इसका अपहरण कर लिया गया है। 20 लाख रुपए का इंतजाम कर लो। रात 10 बजे झांसी रोड थाने के पास में पहाड़ी वाली गली के बगल में आ जाना।

फिरौती की रकम नहीं आई, तो इसे मार देंगे। परिजन तत्काल पुलिस के पास पहुंचे। काफी देर तक मामला डबरा, झांसी रोड व पड़ाव पुलिस के बीच झूलता रहा। आखिर में परिजन एसएसपी से मिले तो पुलिस ने मामला दर्ज किया है। क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है। शहर में मंदिर के पास शिक्षक CCTV कैमरे में दिखा है। दोपहर तक मोबाइल ऑन था उसके बाद बंद हो गया है।

डबरा स्थित ठाकुर बाबा रोड निवासी हरिशरण श्रीवास्तव टीचर हैं। वह शासकीय प्राथमिक विद्यालय रामपुर में पदस्थ हैं। वह शुक्रवार को मंशापूर्ण हनुमान के दर्शन करने के लिए ग्वालियर आए हुए थे बताया जाता है उसके बाद उन्हें DEO (डिस्ट्रिक एजुकेशन ऑफिसर) के ऑफिस भी जाना था लेकिन जब शाम को वह डबरा घर नहीं लौटे, तो परिजन को चिंता हुई। इसी दौरान अचानक उनके पुत्र प्रदीप के मोबाइल नंबर पर 20 लाख की फिरौती की चिट्‌ठी वॉटसएप पर आई।

मैसेज में रकम झांसी रोड पहाड़ी पर एक निश्चित जगह तक पहुंचाने की बात लिखी थी और नहीं देने पर शिक्षक को मौत के घाट उतारने की धमकी भी दी गई थी। उसके बाद परिजन हरकत में आए तत्काल मामले की सूचना डबरा पुलिस को दी गई लेकिन डबरा पुलिस ने घटना ग्वालियर में होने से उन्हें ग्वालियर के थाने में रिपोर्ट करने को भेज दिया। परिजन काफी समय तक पुलिस थानों के चक्कर लगाते रहे पर कोई भी नतीजा नहीं निकला। परिजन का आरोप है कि शुक्रवार को ही पुलिस यदि सक्रियता दिखाती तो शिक्षक का पता चल जाता।

एक मैसेज मजिस्ट्रेट के पास भी पहुंचा : मामले में एक मैसेज डबरा के किसी मजिस्ट्रेट के पास भी पहुंचा है। इसमें किसी युवक द्वारा उन्होंने परेशान करने की बात का जिक्र किया है। पुलिस इस वॉटसएप मैसेज की भी पड़ताल कर रही है।

शनिवार दोपहर में बंद हुआ मोबाइल : सबसे अहम बात है कि शिक्षक का मोबाइल शुक्रवार दोपहर लापता होने के बाद से शनिवार दोपहर तक ऑन था। दोपहर बार उनका मोबाइल बंद हुआ है। परिजन ने जब एसएसपी अमित सांघी से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया तो उन्होंने तत्काल क्राइम ब्रांच की टीम को जांच में लगाया है। मंदिर के बाहर से शिक्षक सीसीटीवी फुटेज में निकलते दिख रहे हैं। वह DEO ऑफिस तक भी गए हैं। इसके बाद पता नहीं चल रहा है। पुलिस दोपहर तक की लोकेशन के आधार पर सर्चिंग कर रही है। ग्वालियर एसएसपी का अमित सांघी का कहना है कि क्राइम ब्रांच की टीम सर्चिंग में लगी हैं। जल्द लापता का पता चल जाएगा।